छकतला। पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास ने बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना बखतगढ क्षैत्रान्‍तर्गत दिनांक 25 अक्‍टूबर 2024 को ग्राम छकतला मे ग्राम रक्षा समिति के सदस्‍यों का सम्‍मलेन आयोजित किया गया, जिसमें मुख्‍य अतिथि के रूप मे अलीराजपुर कलेक्‍टर डॉ0 अभय अरविन्‍द बेडेकर थे। आयोजित कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि‍ कलेक्‍टर अलीराजपुर डॉ0 अभय अरविंद बेडेकर ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुये आव्‍हान किया, कि समाज के उत्‍थान के लिये महिलाओं का सम्‍मान और बच्‍चों के शिक्षा पर सभी को सामुहिकरूप से प्रयास करना चाहिये, जिससे निश्चित ही भविष्‍य मे बेहतर परिणाम प्राप्‍त होंगे तथा ग्रामीण समाज का विकास होगा। 

पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास ने इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों से अपील करते हुये बताया कि अपने सामाजिक स्‍तर को बेहतर बनानें के लिये सभी को जागरूक होनें के साथ-साथ नशे के सेवन से दूरी, महिलाओं का सम्‍मान, बच्‍चों को पढानें के लिये प्रेरित किया तथा सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान अनावश्यक होनें वाले खर्च को नियंत्रित करनें हेतु डीजे व शराब से दूरी बनाये रखनें के लिये आव्‍हान किया। साथही सामाजिक कुरीतियों/अंधविश्वास के प्रति जागरूगता, बच्चों की शिक्षा, बच्चों को दो पहिया वाहन न चलानें के साथ-साथ मोबाईल संबंधी अपराधों के संबंध मे विस्तार से जानकारी देते हुये जागरूकता का प्रयास किया गया। 

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता कादूसिंह के नेतृत्‍व मे उनके नाटय दल ने बालिका शिक्षा एवं नशा मुक्ति पर मनमोहक नाटक मंचन किया, जिसे सभी ने सराहा। 

पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्‍यास ने बताया कि अलीराजपुर पुलिस के द्वारा विगत एकवर्ष से लगातार सोशल पुलिसिंग के तहत जन जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं, जिसमें मुख्‍यरूप से खाटला बैठक रहा है, जिसमें अलीराजपुर पुलिस के द्वारा ग्रामीणों के मध्‍य पहुंचकर ग्रामीणजन से उनके सामाजिक कार्यक्रमों में डीजे एवं शराब के सेवन को आमसहमति से त्‍याग करनें हेतु आव्‍हान किया जा रहा था, जिसके अलीराजपुर पुलिस को सकारात्‍मक परिणाम प्राप्‍त होनें लगे हैं, जिसका उदाहरण ग्राम कोसारिया मुख्‍यरूप से रहा है। ग्राम कोसारिया के ग्रामीणजनों के द्वारा विगत एकवर्ष के दौरान किसी भी प्रकार के सामाजिक कार्यक्रम के दौरान डी0जे0 एवं शराब के सेवन पर नियंत्रण रखा, जो अलीराजपुर जिले के अन्‍य ग्रामों के लिये एक उल्‍लेखनिय सामाजिक पहल है, जिसके लिये मुख्‍य अतिथि‍ कलेक्‍टर अलीराजपुर डॉ0 अभय अरविंद बेडेकर एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा ग्राम कोसारिया के सरपंच एवं अन्‍य गणमान्‍य नागरिकों को पुरस्‍कृत कर सम्‍मानित भी किया गया। उक्‍त कार्यक्रम के दौरान जनपद अध्‍यक्ष सोण्‍डवा उषान गरातिया, जनपद उपाध्‍यक्ष विक्रम भयडिया, आदमि जाति जिला महामंत्री नरीन,  मण्‍डल अध्‍यक्ष बखतगढ गोविन्‍द एवं छकतला सरपंच सुरेश चौहान एवं छकतला क्षेत्र के सरपंच, पटेल, कोटवाल एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्‍य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *