जितेंद्र वाणी, नानपुर आलीराजपुर जिले के नानपुर क्षेत्र में मंगलवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। टोल टैक्स के समीप खट्टाली फाटक पर एक अर्टिगा कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है। जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार नानपुर से आलीराजपुर की ओर जा रही थी, जबकि मोटरसाइकिल सवार आलीराजपुर से नानपुर की तरफ आ रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक हवा में करीब 12 फीट ऊपर उछला और सीधे कार के अगले हिस्से पर जा गिरा। मृतकों की पहचान दीपक जामोद और श्रीराम डूडवे के रूप में हुई है, जो धार जिले के ग्राम खरवट के निवासी थे। बताया जा रहा है कि श्रीराम डूडवे ने हाल ही में नई मोटरसाइकिल खरीदी थी। दोनों युवक ग्राम कानपुर स्थित माताजी मंदिर में नई बाइक की पूजा अर्चना कर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में टक्कर हो गई। नानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। दोनों युवकों की मौत की खबर के बाद उनके गांव खरवट (धार) में शोक की लहर दौड़ गई है। Post navigation नानपुर टोल के समीप कार और मोटरसाइकिल भिड़ंत में दो युवक गंभीर घायल, 12 फीट ऊपर उछला युवक कलेक्टर नीतू माथुर ने दिखाई संवेदनशीलता, दिव्यांग शिक्षिका लक्ष्मी कन्नौज को दी इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल