जितेंद्र वर्मा, जोबट

नशामुक्ति अभियान के तहत अलीराजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी के नेतृत्व में थाना जोबट पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने देगांव पटेल फलिया में दबिश देकर बिना नंबर की अशोक लीलैंड कंपनी के लोडिंग वाहन को पकड़ा। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से 33 पेटी किंगफिशर कंपनी की बीयर बरामद की गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शराब माफियाओं ने वाहन के पीछे अंदर लोहे का मजबूत गुप्त केबिन बना रखा था, जिसमें टिन के डिब्बों वाली बीयर पेटियां आसानी से छिपाकर ले जाई जा रही थीं। बाहर से देखने पर वाहन सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन अंदर अवैध शराब तस्करी का पूरा जाल तैयार किया गया था।

कार्रवाई के दौरान आरोपी दिलीप उर्फ भुरू डावर निवासी देगांव मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) एवं 46 आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साथ ही जप्त शराब एवं वाहन की राजसात कार्रवाई भी की जा रही है।

सराहनीय भूमिका:इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जोबट उनि गोविन्दसिंह कटारे, सउनि फुलसिंह अजनार, प्रआर 155 हिरालाल, आरक्षक 74 गजेन्द्र, आरक्षक 530 रवि एवं आरक्षक 481 अमलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जोबट पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *