ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला

आलीराजपुर जिले के सोंडवा विकासखंड की टप्पा तहसील और ग्राम पंचायत छकतला में रविवार को भगोरिया उत्सव की धूम रहने वाली है। इस वर्ष छकतला में छठा भगोरिया हाट आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी मेला मंडी प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी

मेले की सुरक्षा को लेकर प्रशासन काफी गंभीर है। पूरे कस्बे को CCTV कैमरों से कवर किया गया है और ड्रोन के जरिए भीड़ पर पैनी नजर रखी जाएगी। पुलिस थाना बखतगढ़ और पुलिस चौकी छकतला ने सुरक्षा के निम्नलिखित इंतजाम किए हैं:

चौकसी: पुलिस के जवान वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में भी तैनात रहेंगे।

ऊंचाई से नजर: सुरक्षा की दृष्टि से कस्बे के ऊंचे मकानों पर भी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

हथियारों पर प्रतिबंध: मेले में फालिया, फलसे या किसी भी प्रकार के धारदार हथियार ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

मूलभूत सुविधाएं और आपातकालीन सेवा

मेला स्थल पर शासन-प्रशासन के विशेष टेंट लगाए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद रहेगी। साथ ही, आगंतुकों की सहायता के लिए जगह-जगह पुलिस सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।

झूले मंडी में लगेंगे

मंडी प्रांगण में झूले, खेल-खिलौने और विभिन्न व्यंजनों की दुकानें सजेंगी, जो मेले का मुख्य आकर्षण होंगी। टप्पा तहसील, ग्राम पंचायत छकतला और पुलिस प्रशासन ने सभी क्षेत्रीय जनता को इस लोक उत्सव में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *