खरडू बड़ी। झाबुआ जिले के खरडू बड़ी गांव में चोरों ने नल-जल योजना की मोटरों को निशाना बनाया है। दिनांक 03/11/2025 रविवार रात गांव की नर्सरी के पास स्थित कुएं से चोरो द्वारा साढ़े सात हॉर्स पावर की फालकुन कंपनी की दो मोटर चोरी कर ले गए। इस वारदात से गांव की पानी सप्लाई पूरी तरह से ठप्प हो गई है।

चोरों ने मोटर चुराने से पहले बड़ी चालाकी से काम किया। उन्होंने कुएं में लगी मोटरों के पाइप और केबल को काट दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने मोटरों को बांधने वाली रस्सियों को भी काट दिया। जिसके बाद दो साढ़े सात हॉर्स पावर की मोटर ले जाने में सफल हुए।

यह घटना सोमवार सुबह तब सामने आई, जब पानी सप्लाई करने वाले कर्मचारी कमल डामोर मोटर चालू करने कुएं पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि केबल और पाइप कटे हुए हैं और दो मोटर गायब है। तुरंत इसकी सूचना ग्राम पंचायत सचिव प्रकाश सोलंकी एवं सरपंच रमेश भुरजी डामोर को दी गई, जो मौके पर पहुंचे और मामले की पुष्टि की।

ग्राम पंचायत की मोटर चोरी होने से गांव में पानी की सप्लाई बंद हो गई है, जिससे ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बढ़ते चोरी के मामलों को उजागर किया है। इस पूरी घटना की रिपोर्ट सरपंच द्वारा झाबुआ थाने पर की गई।

गांव में पुलिस गश्त एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने चाहिए

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आये दिन गांव चोरी की वारदातें बढ़ती नजर आ रही है जिसको लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा गांव में गश्त करवानी चाहिए और गांव के मुख्य चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने चाहिए ताकि गांव में बढ़ रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *