ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला कर्ज की रकम ब्याज सहित पूरी चुका देने के बाद भी गिरवी रखी चांदी वापस न मिलने का एक गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार को जनसुनवाई में इसकी शिकायत कलेक्टर से की गई। मामला आलीराजपुर जिले की सोण्डवा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम छकतला का है, जहां एक व्यक्ति ने पूरी राशि जमा करने के बाद भी अपने जेवर वापस न मिलने पर प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। आवेदन के अनुसार ग्राम मुंडला निवासी प्रार्थी किरण (किरोण) ने करीब 8 से 10 महीने पहले अपनी घरेलू जरूरतों के लिए ग्राम छकतला निवासी कुशालसिंह तोमर (कुशालिया) के पास चांदी के जेवर गिरवी रखे थे। इन जेवरों में चांदी का एक कड़ा और दोनों हाथों में पहना जाने वाला ‘वावा’ गहना शामिल था। इस एवज में प्रार्थी ने ₹20,000 का लोन (उधार) लिया था। पीड़ित किरण के अनुसार, समय पूरा होने पर उन्होंने तय शर्तों के मुताबिक ब्याज और मूलधन मिलाकर कुल ₹28,500 की राशि कुशालसिंह को पूरी तरह जमा करा दी है। इसके बावजूद उनकी गिरवी रखी हुई चांदी वापस करने में आनाकानी की जा रही है और जेवर नहीं लौटाए जा रहे हैं। पैसे चुकाने के बाद भी जब जेवर वापस नहीं मिले, तो पीड़ित ने थक-हारकर आलीराजपुर जिला मुख्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में एक लिखित आवेदन सौंपा। प्रार्थी ने आलीराजपुर कलेक्टर महोदय को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और मांग की है कि उनके गिरवी रखे हुए चांदी के जेवर उन्हें वापस दिलवाए जाएं। Post navigation छकतला के पास भीषण सड़क हादसा: तूफान और बाइक की टक्कर में एक की मौत, 8 घायल वावी ग्राम में सदस्यता महाअभियान शिविर आयोजित, 15 नए सदस्य जुड़े