धर्मलता महिला मंडल ने किया कम्बल और वस्त्र दान

- Advertisement -

थांदला। इस दुनिया में जरूरतमंद लोगों को अन्न दान, वस्त्र दान व आशियाना उपलब्ध करवाते हुए उनकी सहायता करना सबसे बड़ा पुण्य है। इसे चरितार्थ करती है जैन समाज की धर्मलता महिला मंडल की श्राविकाएं। विगत कई वर्षों से जैन समाज धर्मलता महिला मंडल झाबुआ जिलें में ही नहीं अपितु निकटवर्ती जिलों में भी जाकर जन सेवा के कार्य कर रही है। मंडल की वरिष्ठ सदस्य पुष्पा घोड़ावत, तारा भंसाली, मानकुंवर शाहजी, इंदु गादिया, सोहन पावेचा, सरोज शाहजी, मण्डल अध्यक्ष सुधा शाहजी, सचिव अनुपमा श्रीश्रीमाल, कोषाध्यक्ष किरण श्रीश्रीमाल, स्नेहलता मोदी, शकुंतला कांकरिया, सुनीता घोड़ावत सहित महिला मंडल की अनेक सदस्यों के सहयोग से विकलांग आश्रम, निराश्रित अनाथालय आश्रम, महिला सुधार गृह, सिविल अस्पतालों तथा मंदिरों में जाकर हर जरूरतमंद की सेवा करती आ रही है। इसी तारतम्य में इस बार ठंड की ठिठुरन से लोगों को बचाने के लिए महिला मंडल ने गर्म कम्बल एकत्रिकरण अभियान चलाते हुए 100 से अधिक कम्बल, चद्दर व शॉल इकट्ठा कर अंचल में रोटरी क्लब एवं भारतीय प्रेस आयोग के समाजसेवी पवन नाहर के माध्यम से गरीब व जरुरतमंद लोगों तक पहुंचाएं है। मंडल अध्यक्ष सुधा शाहजी व पुष्पा घोड़ावत ने बताया कि मानव सेवा के पुनीत कार्य करते हुए उन्हें आत्मिक शांति के साथ जीवन  की सार्थकता का अहसास होता है। उन्होंने अन्य जनों से भी अपील की है कि वे भी इस कार्य में सहभागिता करें व अपने घरों से नए अनुपयोगी कम्बल, चद्दर, दोवड़, शालें, स्वेटर आदि देकर इस अंचल व आसपास के जरूरतमंद की सेवा कर सकती है।