आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, लंबित समस्याओं पर की चर्चा

0

थांदला। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ जिला झाबुआ के प्रतिनिधि मंडल ने नवीन शैक्षणिक संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर प्रदेश संगठन मंत्री जवानसिंह बारिया एवं जिला अध्यक्ष महेश कुमार बामनिया के नेतृत्व में जिला कलेक्टर तुकाराम भरसट से मुलाकात की और अपनी समस्याओं का ज्ञापन सौंपकर विस्तार से चर्चा की।

संगठन ने ज्ञापन में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों के 12 एवं 24 वर्ष की क्रमोन्नति के आदेश शीघ्र जारी करने की माँग रखी। इसके साथ ही पदोन्नति प्रक्रिया को गति देने के लिए गोपनीय चरित्रावली संभागीय उपायुक्त कार्यालय में भेजने और पदोन्नति आदेश जारी करने का आग्रह किया गया। शिक्षकों की सेवा पुस्तिका, सातवाँ वेतनमान तथा क्रमोन्नत वेतनमान कोष एवं लेखा से पारित करवाकर सातवें वेतन, क्रमोन्नत वेतन, हड़ताल अवधि के बकाया वेतन और डी.ए. एरियर्स का त्वरित भुगतान कराने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त नवनियुक्त शिक्षकों की तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि समाप्त कर पूर्ण वेतन देने, वरिष्ठता सूची की त्रुटियों को सुधारने तथा पदोन्नति में रोस्टर का पालन कर पारदर्शिता लाने का निवेदन भी किया गया।

कलेक्टर तुकाराम भरसट ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और सबसे पहले पदोन्नति प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा इसके बाद क्रमोन्नति व अन्य सभी माँगों का समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने शिक्षकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे निश्चिंत होकर अपना शैक्षणिक कार्य पूरी ईमानदारी से करें और जिले के विद्यार्थियों का भविष्य सँवारें।

इस अवसर पर आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के सुवाल बारिया, शंकर राठौर, धनराज भूरिया, कमेश बिलवाल, बजरंग नलवाया, संजय श्रीवास्तव, राजेश जांगिड़, प्रवीण पणदा, राकेश बवेरिया, पी.एस. भूरिया, कांजु डामोर, कन्हैया लाल बामनिया, सत्तू राठौर, बहादुर वसुनिया, करण राठौर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.