बिना अनुमति चल रहे आयोजन को बजरंग दल व ग्रामीणों ने रुकवाया, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटवाए टेंट-तंबू

0

शान ठाकुर, पेटलावद

झकनावदा चौकी क्षेत्र के ग्राम कुम्भाखेड़ी में रविवार को संत रामपाल के अनुयायियों द्वारा आयोजित किए जा रहे एक कार्यक्रम को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कार्यक्रम का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि आयोजन बिना प्रशासनिक अनुमति के संचालित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यक्रम को रुकवाते हुए लगाए गए टेंट-तंबू हटवा दिए।

जानकारी के अनुसार ग्राम कुम्भाखेड़ी में संत रामपाल से जुड़े अनुयायियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर रायपुरिया प्रखंड संयोजक बजरंग दल बादल प्रजापत अपने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम पर आपत्ति जताई।

*”हिंदू धर्म के खिलाफ लोगों को भड़काने का प्रयास” : बजरंग दल –*

रायपुरिया प्रखंड संयोजक बादल प्रजापत ने बताया कि उन्हें ग्राम पंचायत सरपँच द्वारा सूचना मिली थी कि कार्यक्रम के माध्यम से हिंदू धर्म के विरुद्ध लोगों को भड़काने और भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के लिए संबंधित प्रशासन से कोई अनुमति भी नहीं ली गई थी। प्रखंड संयोजक बादल प्रजापत ने कहा कि जनभावनाओं को देखते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर कार्यक्रम को रुकवाया।

*पुलिस ने संभाला मोर्चा -*

सूचना मिलते ही झकनावदा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सिसौदिया मौके पर पहुचे और बिना अनुमति चल रहे कार्यक्रम को रुकवाया गया। साथ ही पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु मौके पर लगाए गए टेंट-तंबू को हटवाया और कार्यक्रम को आगे नहीं बढ़ने दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.