कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करवड़ का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0

वीरेंद्र बसेर, घुघरी

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जनपद पंचायत पेटलावद अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करवड़ का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न पंजीयों का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य केंद्र में रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की समीक्षा की।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ओपीडी रजिस्टर सहित सभी आवश्यक अभिलेखों एवं पंजीयों का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित सभी प्रविष्टियां समय पर एवं सही तरीके से दर्ज की जानी चाहिए, ताकि आवश्यकतानुसार जानकारी उपलब्ध हो सके तथा योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके। निरीक्षण के दौरान पेशेंट कम पाए गए तो कलेक्टर ने ओपीडी बढ़ाने को कहा। लोगों में विश्वास बढ़ाने के निर्देश डाॅ. विमला सिंगाड़ को दिए। 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की जांच एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। एक माह में लगभग 50 गर्भवती महिलाओं की जांच किए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा स्वास्थ्य अमले को मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयों, टीकाकरण व्यवस्था, प्रयोगशाला सेवाओं, प्रसव सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता एवं मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं की नियमित फॉलोअप एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं समय पर परामर्श उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले सभी मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी, स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.