आपत्तिजनक टिप्पणी पर भड़का समाज, थाने पहुंचा जनसैलाब, सख्त कार्रवाई की मांग

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मंगलवार को जोबट कृषि उपज मंडी प्रांगण में आदिवासी समाज एवं कोतवाल समाज द्वारा भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और भारतीय संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने शिक्षा हासिल कर शोषित एवं वंचित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उनके द्वारा निर्मित संविधान आज देश के हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। कार्यक्रम के बाद समाजजन बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल पहुंचे और विधिवत माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

आपत्तिजनक टिप्पणी पर उबाल

सोशल मीडिया पर बाबा साहेब के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर आदिवासी समाज और कोतवाल समाज के प्रतिनिधि जोबट थाने पहुंचे।

प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी विजय वास्केल को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी संजय परसाई (निवासी कुक्षी) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 और आईटी एक्ट 2000 के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की भी मांग उठाई गई। थाना प्रभारी ने समाजजनों को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रमुख उपस्थितजन

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रिंकुबाला डावर, मीना डावर, भूरसिंह रावत (CEO), पातालसिंह बघेल (ब्लॉक अध्यक्ष, कोतवाल समाज), वीरेंद्र बघेल, नीलेश डावर, दिशांत गाडरिया, नेहरू बघेल, राजूसिंह सस्तिया, राजेश सस्तिया, राजू चोंगड, अंतरसिंह रावत, राजूसिंह डावर, अजयसिंह डावर, मुकेश डावर, बापूसिंह बामनिया, जुलाल पटेल, कुँवरसिंह भयडिया, सोहन बघेल, कैरम बघेल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.