राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का पिटोल में हुआ स्वागत

- Advertisement -

झाबुआ लाइव के लिए पिटोल से भूपेंद्रसिंह नायक की रिपोर्ट-
गुजरात से आकर राज्यपाल पद की शपथ लेने भोपाल पहुंच रही नव नियुक्त मध्य प्रदेश राज्य की राज्यपाल व गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनन्दीबेन पटेल का प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने पर पिटोल में भव्य स्वागत किया गया। सोमवार को दोपहर 12 बजे यहां पहुंची आनंदीबेन की कलेक्टर आशीष सक्सेना व पुलिस अधीक्षक महेशचंद्र जैन ने आगवानी की। सीमा पर पहले से बड़ी संख्या में एकत्रित भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया। कलेक्टर सक्सेना ने आनंदीबेन को झाबुआ जिले में पहुंचने पर प्रतीक चिन्ह के रुप में तीर कमान भेंट किया। वहीं विधायक शांतिलाल बिलवाल व जिला भाजपा अध्यक्ष दौलत भावसार नें भी उनका स्वागत किया।
पांच मिनट रुकी, वहीं बस में से ही किया स्वागत स्वीकार-
अपने महिला मंडल सदस्यों के साथ चार्टेड बस में सवार आनंदीबेन बाहर स्वागत के लिये एकत्रित भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड देख बस दरवाजे के पायदान पर ही रुक गई दरअसल भाजपा अध्यक्ष व विधायक दोनों अपने समर्थकों के साथ अलग अलग यहां पहुंचे थे। स्वागत को लेकर मची होड़ में कुछ देर के लिए भगदड़ से हालात निर्मित हो गऐ थे।
प्रशासनिक लवाज्मा 1 घंटे पूर्व से डटा था सीमा पर …
कलेक्टर, एसपी के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय से साथ आया प्रशासनिक लवाज्मा करीब 10.30 बजे से पिटोल एकीकृत जांच चौकी के समीप आगवानी के लिये डटा हुआ था लगभग 11 बजे यहां पहुंचने वाला आनंदीबेन का काफिला 1 घंटे लेट यहां पहुंचा जो पांच मिनट रुकने के बाद यहां से उज्जैन के लिए रवाना हो गया। राज्यपाल उज्जैन में महांकाल मंदिर में बाबा भोलेनाथ के दर्शन करने के बाद भोपाल रवाना होंगी जहां वे मंगलवार को राज्यपाल पद की शपथ लेंगी।