बाढ़ पीडि़तों के लिए भाजपा ने जुटाई सहयोग राशि

May

झाबुआ। मानवीय संवेदनाओ की कोई तयशुदा सीमा नहीं होती, यह हर दिलोदिमाग में सहयोग का जज्बा बना देती है। पीडि़तों की सहायता के लिए हर हाथ उठ ही जाता है, बस उन हाथों के आगे सहयोग लेने के लिए हाथ फैलाना पड़ते है। मध्यप्रदेश के बाढ़ पीडि़तों हेतु जनसहयोग पाने के लिए इन भावों के साथ रविवार को जब भाजपा कार्यकर्ता-पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि नगर में निकले तो जनता ने भी उत्साह से भारतीय जनता पार्टी के इस जनहितैषी कार्य को भरपूर सहयोग प्रदान किया। जिलाध्यक्ष दौलत भावसार के नेतृत्व में जिले के 11 मंडलों में बाढ़ पीडि़त सहायतार्थ सहयोग राशि एकत्रीकरण का कार्य 2 सितंबर से शुरू किया। इस अभियान के तहत भाजपा नगर मंडल झाबुआ द्वारा रविवार को नगर में सहयोग राशि एकत्रीकरण के प्रथम चरण की शुरुआत जेल चौराहे से दोपहर 12 बजे की गई, सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भाजपा कार्यकर्ता-पदाधिकारियों ने पहुंचकर बाढ़ पीडितों के लिए सहायता का संदेश देते हुए स्वेच्छा से राशि देने का आग्रह किया। समाज सेवा हेतु भाजपा के इस अभियान में सभी व्यापारियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया।सभी भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता जेल चौराहा, बस स्टैंड, चैतन्य मार्ग, शहीद चंद्रशेखर आजाद मार्ग, आजाद चौक, नेहरू मार्ग स्थित व्यापारिक प्रतिष्ठानों, घरो और जनसामान्य नागरिको से सहयोग राशि एकत्रित करते हुए राजवाड़ा चौक पहुँचे। यहाँ राशि एकत्रीकरण के प्रथम चरण का समापन हुआ। प्रथम चरण के तहत जनता द्वारा बाढ़ पीडि़तों हेतु भारतीय जनता पार्टी को 15 हजार 750 रुपए की सहयोग राशि प्रदान की गई। राशि एकत्रीकरण के दौरान विधायक शांतिलाल बिलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष धनसिंह बारिया ने भी जनता को अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बाढ़ पीडि़त सहायतार्थ राशि एकत्रीकरण कार्य में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, अजय पोरवाल, जिला मंत्री गोपालसिंह पंवार, सावित्री मेड़ा, जिला कार्यालय मंत्री महेंद्र तिवारी, भाजपा अजजा मोर्चा प्रदेश महामन्त्री कल्याणसिंह डामोर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बबलू सकलेचा, महामन्त्री कीर्ति भावसार, विनोद मेड़ा, उपाध्यक्ष, अंकुर पाठक, विशाल शर्मा, मंत्री राजा ठाकुर कोषाध्यक्ष अमित शर्मा, पार्षद जमना बाखला, पार्षद सईदुल्ला खान,भूपेश सिंगोड सहित जिला मुख्यालय के अनेक भाजपा जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल थे।