अचानक यू-टर्न लेने से दो कारों की जोरदार भिड़ंत, दंपती गंभीर घायल

0

झाबुआ डेस्क। बैतूल-अहमदाबाद हाईवे पर झाबुआ और कालीदेवी थाना क्षेत्र की सीमा पर दो कारों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों कारों में सवार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें एक महिला के हाथ-पैर में फ्रैक्चर आया है। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही झाबुआ पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक (GJ 20 AH 6792) गुजरात की ओर से आ रही थी। इसी दौरान इंदौर से गुजरात की ओर जा रही दूसरी कार (MH 19 CU 3136) के चालक ने दोनों थाना क्षेत्रों की सीमा पर बने क्रॉसिंग पर अचानक यू-टर्न ले लिया। तेजी से यू-टर्न लेते समय उसने गुजरात की ओर से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस पूरे हादसे में लापरवाही और पूरी गलती अचानक यू-टर्न लेने वाले कार (MH 19 CU 3136) चालक की ही थी, जिसने बिना देखे ही गाड़ी मोड़ दी। इस हादसे में गुजरात की ओर से आ रही कार में सवार दंपती को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि घायल महिला के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है।

पुलिस मौके पर मौजूद

हादसे की सूचना मिलते ही झाबुआ पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई है और राहत कार्य में जुट गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, परंतु दोनों ही कारों में सवार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.