राज्य महिला आयोग अध्यक्ष वानखेड़े-चौहान की संयुक्त बेच ने महिला अपराधों के 20 प्रकरणों की सुनवाई

- Advertisement -

झाबुआ। मप्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष लता वानखेडे एवं सदस्य सूर्या चौहान ने सर्किट हाउस झाबुआ में महिलाओं से संबंधित प्रकरणों के निराकरण हेतु संयुक्त बेच रखी। उन्होने परिवारिक विवाद, महिला अपराध से जुडे प्रकरणों की सुनवाई की। संयुक्त बेच में 27 मे से 20 प्रकरणों की सुनवाई की गई एवं प्रकरणो का निराकरण किया गया। बेच ने महिला सशक्तिकरण अधिकारी बघेल एवं एसडीओपी परिहार से जिले में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता हेतु किये जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी ली। राज्य महिला आयोग अध्यक्ष लता वानखेडे ने जानकारी दी कि प्रदेश में महिलाएं सशक्त हो रही है। अपने अधिकारों और न्याय के लिए वे आवाज उठा रही है। हम प्रदेश के सभी जिलों में सखी आयोग बना रहे है। महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीडन की कोई भी खबर आयोग के समक्ष पहुंचाई जाएगी। वानखेडे ने बताया कि महिलाएं अपनी समस्यांए और अपनी पीड़ा को बता सके इसके लिए आयोग के द्वारा करूणा समिति बनाई गई, प्रदेश में महिला अत्याचारों एवं अपहरण के मामलों में प्रदेश महिला आयोग गंभीर है। समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं कुप्रथाओं को दूर करने के लिए समाज में जनजागरूकता के साथ-साथ महिलाओं की समस्यों के समाधान हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे है। होस्टलों में रहने वाली बालिकाओं, छात्राओं तथा महिलाओं के अधिकारों और उनको जागरूक करने के लिए महिला आयोग कटिबद्ध है। प्रदेश में एसिड अटैक संबंधित प्रकरणो में महिला आयोग सख्त है। आयोग ने एसिड अटैक के आरोपी की जमानत ना होने के साथ-साथ उस पर कड़ी कार्रवाई की अनुशंसा की है। साथ ही एसीड अटैक की पीडिता को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता राशि तत्काल प्रदान करने की अनुशंसा भी की गई है।