‘‘एनडीटीवी इंडिया’’ चैनल को ‘‘ऑफ एयर’’ करना तानाशाहीपूर्ण कदम- सासंद भूरिया

- Advertisement -

झाबुआ। क्षेत्रीय सांसद कांतिलाल भूरिया ने राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर राष्ट्रीय चैनल ‘‘एनडीटीवी इंडिया’’ को आगामी 9 नवंबर को 24 घंटे के लिए ‘ऑफ एयर’ किए जाने हेतु सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा पारित आदेश को तानाशाह शासकों के निर्देशों पर दिया गया तानाशाहीपूर्ण कदम निरूपित किया है। सांसद भूरिया ने कहा कि भारतीय संविधान में प्रत्येक भारतीय को अभिव्यक्तित्व की स्वतंत्रता का मूलभूत अधिकार प्रदान किया गया है, परंतु विगत 2 नवंबर का दिन भारत के इतिहास में एक कालेदिन के रूप में याद किया जाएगा जब किसी मूलभूत अधिकार का हनन नरेन्द्र मोदी वाली एनडीए सरकार द्वारा भारत में निष्पक्ष पत्रकारिता के प्रतीक समाचार चैनल एनडीटीवी इंडिया के प्रसारण पर 9 नवंबर को एकदिनी प्रतिबंध लगाकर किया गया है।
मोदी का गुणगान नहीं तो प्रतिबंध
भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है तथा इलेक्ट्रानिक एवं प्रिंट मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना गया है। आज एक चैनल पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं भाजपा सरकार की नीति के अनुसार गुणगान न करने एवं सरकार की नीतियों का विरोध करने पर अन्य चैनलों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा सकता है, जिससे की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र पत्रकारिता को सरकार अपनी इच्छानुसार नियंत्रित कर सके और निष्पक्ष पत्रकारिता समाप्त हो जाएगी। शायद सरकार आम नागरिक के संवैधानिक अधिकारों को छीनने की कोशिश भी कर सकती है। एक तरफ केन्द्र सरकार ने पाकिस्तान के हुक्मरानों के इशारे पर पठानकोट जैसे संवेदनशील अड्डों को निरीक्षण के नाम पर आईएएस के अधिकारियों के लिए खोल देती है। वहीं दूसरी तरफ एक निष्पक्ष समाचार चैनल पठानकोट पर हुए आतंकी हमले की खबर प्रसारित करता है तो उसकी स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है जो कि वर्तमान सरकार का घोर रूप से निंदनीय कृत्य है। लगता है ‘‘देश में दोबारा आपातकाल जैसे हालात उत्पन्न हो रहे हैं।’’ यह आज साकार होता हुआ दिखाई दे रहा है।
कांग्रेसी पदाधिकारियों ने की आलोचना
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल मेहता, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष कलवती भूरिया, युवा नेता डॉ. विक्रांत भूरिया, जिला प्रवक्ता हर्ष भट्ट एवं आचार्य नामदेव, लोकसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष भूरिया, जिला सेवादल संगठक राजेश भट्ट, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विनय भाबोर, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष कलावती मेडा आदि ने भाजपा के इस निंदनीय कृत्य की कड़ी आलोचना की है। तथा उन्होने भाजपाको आडे हाथों लेते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के खिलाफ ‘असहमति’ व्यक्त करने को लेकर हीन भावनाओं के अनुरूप उन्हें अवैधानिक तौर पर दंडित किए जाने को लेकर उसका कौन सा गुप्त एजेंडा छीपा हुआ है।