मप्र वन निगम मंडल अध्यक्ष बनने पर सकल व्यापारी संघ ने डावर का किया अभिनंदन

- Advertisement -

आरिफ हुसैन, चंद्रशेखर आजाद नगर

मप्र राज्य वन निगम मंडल का अध्यक्ष बनने पर पूर्व विधायक माधोसिंह डावर का सकल व्यापारी संघ ने सम्मान किया। सम्मान से अभिभूत डावर ने व्यापारियो के सामने अपनी बातें रखी। उन्होंने क्षेत्र के लिए किए गए विकास कार्यों का भी बखान किया। कई बार ऐसे जुमले भी बोले जिस पर ठहाके गूंज उठे। 

आयोजन गुरुवार रात को हुआ। सकल व्यापारी संघ ने साफा बांधकर डावर का अभिनंदन किया। संबोधित करते हुए डावर ने कहा मैंने क्षेत्र के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। मैंने मुख्यमंत्री से कहा था मुझे पद मिला ना मिले कोई दिक्कत नहीं लेकिन मुझे भाबरा के विकास के लिए ढाई सौ करोड़ रुपए की आवश्यकता है, यह मेरी अंतिम इच्छा है। सीएम ने भी बात का सम्मान रखा। कई बड़े-बड़े लोग थे, लेकिन सीएम शिवराजसिंह चौहान ने मुझे इस पद से नवाजकर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा हमेशा घुटना पेट की तरफ मुड़ता है इसलिए निश्चित रूप से जो विकास का फंड आएगा वह पहले भाबरा को मिलेगा, इसके बाद दूसरो को मिलेगा। उन्होंने कहा मोरडूंडिया को देखो कितने बंगले बन गए। जो जहां का रहता है वहां का विकास पहले करता है। डावर ने क्षेत्र मे किए गए विकास के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा मैंने 1 जून 1983 को शिक्षक की नौकरी से त्याग पत्र दे दिया था। क्योंकि क्षेत्र का विकास करना था। अगर किसी को कॉलेज जाना हो तो वाहनों में लटककर जाना पड़ता था इसलिए मुख्यमंत्री से यहां कॉलेज खुलवाया। आज यहां नए भवन में पढ़ाई हो रही है। डावर ने कहा हमने सेजावाड़ा में भव्य एकलव्य विद्यालय बनाया। जो एक शहर की तरह नजर आता है। उन्होंने बताया आजाद उद्यान के लिए कलेक्टर से 10 हैक्टेयर जमीन अलॉट करवाई है। जल्द ही यहां आजाद उद्यान बनेगा।