नियमों का उल्लंघन करने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाए – जिला कांग्रेस कमेटी

- Advertisement -

पीयूष चन्देल, अलीराजपुर

23 जुलाई को शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उनकी जन्मस्थली आजादगर में बडी संख्या में जुलूस के रूप में श्रद्धांजलि देने पहुंचे क्षेत्रीय सांसद गुमानसिंह डामोर सहित भाजपा नेताओं ने इस कोरोना काल में धारा 144 का घोर उल्लंघन किया है। गैर जिम्मेदार सांसद एवं अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ पुलिस विभाग में प्रकरण दर्ज होना चाहिए। इस मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने आजाद नगर में नायब तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा है।
ये मांग झाबुआ विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिला कांग्रेंस कमेटी के अध्यक्ष महेश पटेल, जोबट विधायक कलावती भूरिया, आलीराजपुर विधायक मुकेश पटेल, कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से की है। प्रेस नोट के जरिए इन कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि क्षैत्रीय सांसद गुमानसिंह डामोर ने अपने संवैधानिक पद का जरा भी ख्याल नही रखा। उन्होनें अपने भाजपा जिला अध्यक्ष वकीलसिंह ठकराला, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शुक्ला, भाजपा नेता भूपेंद्रसिंह डावर सहित करीब 70 से अधिक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं के साथ आजाद जयंती पर आजादनगर में बस स्टेंड स्थित उनके स्टेच्यु से लेकर आजाद कुटिया तक जोरशोर से जुलूस रैली निकाली ओर श्रद्धांजलि दी। जबकि उनके पास इस रैली की कोई अनुमति भी नही थी। कोरोना काल में क्षेत्र में लाकडाउन की स्थिति है। ऐेसी विषम ओर विकट स्थिति में भी सांसद एवं भाजपा नेताओं ने अपनी जवाबदारी नही समझी। निश्चित रूप से यह स्थिति भाजपा सांसद एवं नेताओं के लिए शर्मनाक एवं नियम विरूद्ध है। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि भाजपा नेताओं की कथनी ओर करनी में फर्क है। नियमों की बात करने वाले खुद भाजपा नेता नियमों का उल्लंघन कर रहे है। कांग्रेस नेताओं ने नियमों का उल्लंघन करने वाले एवं बगैर अनुमति के जूलूस रैली निकालने वाले भाजपा सांसद गुमानसिंह डामोर सहित भाजपा जिला अध्यक्ष वकीलसिंह ठकराला,भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष शुक्ला, भाजपा नेता भूपेंद्रसिंह डावर सहित रैली में शामिल करीब 70 से अधिक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करने की मांग जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से की है। साथ ही चेतावनी दी है, कि यदि तीन दिन के भीतर जिला प्रशासन ने कोई कार्यवाही नही की तो झाबुआ एवं आलीराजपुर जिले के कांग्रेस के पांच विधायक सहित बडी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर उपस्थित होकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगें एवं डिस्टेसिंग का पालन करते हुए धरना आंदोलन करेंगें।