मेरे लिए जिले का विकास सर्वोपरि, संगठन विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का बनाओ लक्ष्य – नागरसिंह चौहान

0

आलीराजपुर। भारतीय जनता पार्टी जोबट मंडल की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों तथा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, शक्ति केंद्र एवं बूथ समितियों की रचना को प्रभावी बनाना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। संगठन की मजबूती बूथ स्तर से शुरू होती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ और शक्ति केंद्र की संरचना को सशक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विस्तार से बताया कि शक्ति केंद्रों एवं बूथ समितियों का गठन किस प्रकार किया जाए, उनकी नियमित बैठकें कैसे आयोजित हों तथा संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव और फलिया-फलिया तक कैसे पहुंचाया जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक गांव, मोहल्ले और फलिया में नियमित बैठकों का आयोजन किया जाए, जिससे आमजन से सीधा संवाद स्थापित हो सके और सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज और जनता की सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करे।

मंत्री चौहान ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देगा और पात्र हितग्राहियों को उनसे जोड़ने का कार्य करेगा।

अपने उद्बोधन के दौरान मंत्री चौहान ने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनसेवा उनके जीवन का उद्देश्य है और क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव तत्पर हैं। उन्होंने कहा, “आप मुझे फोन लगाइए, मैं 24 घंटे आपके लिए तैयार हूं। जनता की समस्याओं का समाधान और जिले का विकास मेरी प्राथमिकता है।” उनके इस आत्मीय संबोधन से उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। मंत्री श्री चौहान के प्रेरणादायी मार्गदर्शन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण की भावना का संचार किया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ सक्रिय रूप से कार्य करने का भरोसा दिलाया। 

इस अवसर पर मंडल जोबट के सह प्रभारी दीपक चौहान, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र मंडलोई सहित सभी सरपंच, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन को मजबूत बनाने एवं जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। उक्त जानकारी विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता ने दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.