जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने बरझर पहुंचकर आगजनी पीड़ित परिवार को दिया सहारा

0

इरशाद खान, बरझर

चंद्रशेखर आज़ाद नगर क्षेत्र के दौरे के दौरान जोबट विधायक सेना महेश पटेल बरझर ग्राम पहुंचीं, जहां उन्होंने हाल ही में आगजनी की घटना से प्रभावित पूर्व सरपंच सोमला बारिया के परिवार से मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। ज्ञात हो कि पिछले दिनों अचानक लगी भीषण आग से परिवार का पूरा मकान एवं गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया था, जिससे परिवार गहरे संकट में आ गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विधायक सेना महेश पटेल मौके पर तहसीलदार जितेंद्र तोमर के साथ पहुंचीं और पीड़ित परिवार को शासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से आवश्यक पंचनामा एवं राहत संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपनी स्वेच्छा निधि से ₹50,000 (पचास हजार रुपये) की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। विधायक ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं और हर संभव मदद दिलाई जाएगी।

बरझर प्रवास के दौरान विधायक सेना महेश पटेल ने ग्राम के ही पूर्व सरपंच महेश मावी से भी मुलाकात की, जो हाल ही में सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे। विधायक ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली, कुशलक्षेम पूछा तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने परिवारजनों को आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

विधायक सेना महेश पटेल के इस जनसंपर्क एवं राहत दौरे के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश भाबर, विधायक प्रतिनिधि मदन डावर , सोनू वर्मा , विशाल अरोड़ा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय दौरे के दौरान पीड़ित एवं जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर सहायता और संबल देने की विधायक सेना महेश पटेल की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.