नानपुर के वार्ड क्रमांक 7 में 25 लाख की लागत से बनेगी अंडरग्राउंड नालियां, ग्रामीणों में खुशी की लहर

0

जितेंद्र वाणी, नानपुर

जिले के नानपुर ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 7 में विकास कार्यों को गति मिलने जा रही है। वार्ड वासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई खरत के सहयोग से वार्ड में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से अंडरग्राउंड (भूमिगत) नाली निर्माण कार्य को मंजूरी मिली है, जिसका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।

अधिकारियों ने किया मौका मुआयना

विगत दिनों वार्ड में जगह-जगह बिजली के पोल और अव्यवस्थित तारों के कारण वार्ड वासी काफी परेशान थे। इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व पंच जितेंद्र वाणी ‘राज’ ने कलेक्टर से चर्चा की थी। उन्होंने कलेक्टर से बिजली की केबल व्यवस्थित करने, पानी की मोटर डालने और नई नालियों के निर्माण की मांग की थी। इसी मांग के तारतम्य में जिले से आए अधिकारियों की टीम ने वार्ड का दौरा कर मौका मुआयना किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की हर समस्या को बेहद गंभीरता से सुना और जल्द निराकरण का भरोसा दिया। मांगें पूरी होती देख अब वार्ड वासियों में खुशी की लहर है।

निरीक्षण के दौरान यह सब रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और मुआयने के दौरान सरपंच सकरी समरथ सिंह मौर्य, सचिव बहादुर सिंह जमरा, प्रदीप श्रीसागर, पूर्व उप सरपंच जितेंद्र वाणी और पंच जितेंद्र वाणी ‘राज’ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही जिला स्तर से आए विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और वार्ड वासी कौशल वर्मा, शीतल वाणी, मनीष वाणी, मोते सिंह, कैलाश लोहार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं भी मौजूद थीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.