छकतला हाट बाजार में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से लगा लंबा जाम, अधूरा नाली निर्माण बना मुसीबत

0

ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला

छकतला हाट बाजार में अव्यवस्थित यातायात, सड़क पर खड़े वाहनों और अतिक्रमण के कारण आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे व्यापार और अवैध पार्किंग के कारण यहां रोजाना लंबे जाम की स्थिति बनी रहती है। कुछ माह पहले यातायात सुचारू करने के लिए बनाए गए नियमों का अब कोई पालन नहीं कर रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आलीराजपुर और बोडेली के बीच बना पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण उस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। इसके बाद से सूरत आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए आलीराजपुर-छकतला-सूरत मुख्य मार्ग ही एकमात्र विकल्प रह गया है। इस वजह से छकतला में यातायात का दबाव कई गुना बढ़ गया है। स्थानीय हाट बाजार के दिन वाहनों की भीड़ और मुख्य बाजार में जहां-तहां अवैध पार्किंग से स्थिति और भी बेकाबू हो जाती है। रविवार को छकतला में इसी वजह से एक बड़ा जाम लग गया, जिससे लोग घंटों परेशान होते रहे।

फुलमाल रोड पर अधूरा नाली निर्माण, कीचड़ से श्रद्धालु परेशान

यातायात की समस्या के साथ-साथ फुलमाल रोड पर नाली सफाई और निर्माण का अधूरा कार्य भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। सफाई के बाद नाली का गंदा कीचड़ सड़क पर ही छोड़ दिया गया है। इससे न केवल राहगीरों को चलने में परेशानी हो रही है, बल्कि मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनके कपड़े खराब हो रहे हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग की इस लापरवाही से स्थानीय लोगों में रोष है।

सोशल मीडिया पर उठी भारी वाहनों को प्रतिबंधित करने की मांग

छकतला में लगातार बन रही जाम और अव्यवस्था की स्थिति को लेकर अब सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। आम नागरिक अपनी परेशानी साझा कर रहे हैं और यातायात सुधारने के लिए प्रशासन को सुझाव दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा मांग की जा रही है कि कम से कम साप्ताहिक हाट बाजार के दिन छकतला मार्ग पर भारी वाहनों और डंपरों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए, ताकि बाजार में आने वाले ग्रामीणों और आम राहगीरों को राहत मिल सके और यातायात सुचारू रूप से चल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.