ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला
ग्राम पंचायत छकतला में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के पावन अवसर पर बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में सबसे पहले उपस्थित मातृशक्ति ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित की, जिसके बाद सरपंच सुरेश ठकराला और पंचायत के समस्त कर्मचारियों ने बारी-बारी से माल्यार्पण कर बाबा साहेब के आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर आयोजित आम सभा में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को साझा की गई।
सभा के दौरान मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया को समझाते हुए बताया गया कि आवेदक लड़का और लड़की दोनों की केवाईसी पूर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही यह निर्देश भी दिए गए कि दोनों परिवारों की समग्र आईडी अलग-अलग होनी चाहिए और दस्तावेजों के साथ मोबाइल नंबर जोड़ना आवश्यक है। पंचायत की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए सरपंच ने बताया कि इस वर्ष 245 नए आवास के नाम जोड़े गए हैं और मनरेगा जॉब कार्ड से संबंधित 67 प्रतिशत से अधिक केवाईसी का कार्य सफलतापूर्ण पूरा कर लिया गया है।
