शोभायात्रा के साथ बड़ी खट्टाली में हुआ साध्वी श्री श्रद्धानिधिजी का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश

0

विजय मालवी, बड़ी खट्टाली

शुक्रवार को साध्वी श्री मयूरकलाश्रीजी की शिष्या साध्वी श्री श्रद्धानिधिजी महाराज साहब आदि ठाणा-3 का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश धार्मिक उत्साह एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कन्या हाई स्कूल से प्रारंभ हुई भव्य शोभायात्रा पूरे कस्बे में बैंड-बाजों के साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान हल्की बारिश की फुहारों ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा में भगवान के चित्र के साथ दादा गुरुदेव श्री राजेंद्र सूरीश्वरजी एवं पुण्य सम्राट श्री जयंतसेन सूरीश्वरजी के चित्र सुसज्जित रथ में विराजमान रहे। कस्बे में विभिन्न स्थानों पर साध्वीश्री का गवली बनाकर स्वागत किया गया। जैन श्रीसंघ के साथ माहेश्वरी, ब्राह्मण एवं राठौड़ समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में जोबट, कुक्षी, पारा, रतलाम, थांदला, लिमड़ी, झाबुआ, कल्याणपुरा, राणापुर, नानपुर एवं अलीराजपुर सहित अनेक जैन श्रीसंघों की उपस्थिति रही। अपने आशीर्वचन में साध्वी श्री श्रद्धानिधिजी महाराज साहब ने कहा कि बड़ी खट्टाली के श्रावक-श्राविकाओं की दृढ़ आस्था और भावनाओं के कारण यह चातुर्मास यहां संभव हो सका है। आगामी चार माह तक धर्म की गंगा बहेगी तथा धर्म, संयम और सदाचार के संदेश जन-जन तक पहुंचेंगे।

स्वागत भाषण में रमेश मेहता ने बाहर से पधारे सभी श्रीसंघों का अभिनंदन करते हुए कहा कि छोटे से कस्बे में चातुर्मास का आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम का संचालन रमेश मेहता एवं भरत भंसाली ने किया तथा आभार मुकेश मेहता ने व्यक्त किया।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष (मकु) परवाल, पूर्व विधायक माधुसिंह डावर, भाजपा नेता विशाल रावत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका झाबुआ, सरपंच चेनसिंह डावर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुलेश बघेल, उपसरपंच शुभम मेहता, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष मदन लड्ढा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.