झाबुआ लाइव के लिए थांदला से रितेश गुप्ता की रिपोर्ट-
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा स्थानीय कांग्रेस कार्यालय पर महात्मा गांधी की 69वीं पुण्यतिथि मनाई। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलित व तेल चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान पूर्व विधायक रतनसिंह भाबोर ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महात्मा गांधी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख राजनैतिक नेता थे। सत्याग्रह और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलकर उन्होंने भारत को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इन सिद्धांतों ने पूरी दुनिया में लोगों को नागरिक अधिकारों एवं स्वतंत्रता आंदोलन के लिये प्रेरित किया। उन्ही कारणो के द्वारा उन्हें भारत का राष्ट्रपिता भी कहा जाता है। महात्मा गांधी समुच्च मानव जाति के लिए मिसाल हैं। उन्होंने हर परिस्थिति में अहिंसा और सत्य का पालन किया और लोगों से भी इनका पालन करने के लिए कहा। भारत में ही नहीं अपितु दक्षिण अफ्रीका में भारतीय समुदाय के लोगों के नागरिक अधिकारों के लिए संघर्ष किया। भारत आकर उन्होंने समूचे देश का भ्रमण किया और किसानों, मजदूरों और श्रमिकों को भारी भूमि कर और भेदभाव के विरुद्ध संघर्ष करने के लिये एकजुट किया। सन् 1921 में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की बागडोर संभाली और अपने कार्यों से देश के राजनैतिक, सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य को प्रभावित किया। आज हम उनकी पुण्यतिथि मनाकर उन्हे श्रद्धांजलि दे रहे है मगर वास्तविक श्रद्धांजलि उनके बताए मार्ग पर चलने व देशहित मे उनके कायोॅ को आगे बढ़ाने पर ही हमारी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित होगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नगीन शाहजी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गेंदाल डामोर, युवा नेता जसवंत भाबोर, पार्षद अक्षय भट्ट, सांसद प्रतिनिधि गुलामकादर खां, आनंद चौहान, सुधीर भाबोर, सरपंच दीपक बिलवाल, रालू वसुनिया, जितेन्द्र धामन, कमलेश सोनी, रामू वर्मा, वरसिंह भूरिया, मनीष अहिरवार, आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता विकास रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *