आलीराजपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मजरा-टोला सड़क योजना के अंतर्गत 21 सड़कों के निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री नागरसिंह चौहान तथा सांसद अनिता चौहान 29 नवंबर, रविवार को जिले के विभिन्न ग्रामों के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे तथा निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मंत्री एवं सांसद का प्रवास कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे आलीराजपुर से ग्राम बोरकुंडिया के लिए प्रस्थान के साथ प्रारंभ होगा। इसके पश्चात वे ग्राम बोरकुंडिया, धोड़ामुंडन फलिया, बड़गांव, बेहड़ी फलिया, महेन्द्रा वारिया फलिया, बरझर, कछला फलिया, माली फलिया, रिगोल केल्कुआ, सेजावाड़ा, खेरिया, बड़ीमालपुर, छोटा खुटाजा एवं बड़ा खुटाजा सहित विभिन्न ग्रामों और फलियों में पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत करेंगे एवं संबंधित कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुगम होगा। विशेषकर दूरस्थ फलियों में निवासरत ग्रामीणों को बारिश के दिनों में होने वाली आवागमन की परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होगी। इस पहल को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने और विकास की मुख्यधारा से दूरस्थ बसाहटों को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। Post navigation जिला अस्पताल में 8 डॉक्टरों की टीम ने किया जटिल ऑपरेशन, महिला के पेट से निकाली 9 किलो 770 ग्राम की गठान प्रश्न मंच, मेहंदी एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग