झाबुआ। न्यायपीठ बाल कल्याण समिति, झाबुआ की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति चौहान की अध्यक्षता में एक परित्यक्त नवजात को विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत सुरक्षित शिशु गृह भेजा गया। गौरतलब है कि थाना झाबुआ क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कयड़ावद में लगभग डेढ़ माह पूर्व एक दंपति को झाड़ियों में कपड़े से लिपटा हुआ लगभग सात माह का एक प्रीमैच्योर (समयपूर्व जन्मा) नवजात मिला था। दंपति द्वारा तत्काल मानवीय संवेदना दिखाते हुए नवजात को जिला शासकीय अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (SNCU) में भर्ती करवाया गया, जिसके पश्चात प्रभारी चिकित्सक डॉ. आई.एस. चौहान द्वारा समिति को इसकी सूचना दी गई। समिति अध्यक्ष श्रीमती प्रीति चौहान के निर्देश पर दंपति द्वारा थाना झाबुआ में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करवाई गई तथा चिकित्सकों को नवजात के समुचित उपचार हेतु निर्देशित किया गया। प्रीमैच्योर होने के कारण डॉ. आई.एस. चौहान एवं चिकित्सा स्टाफ द्वारा नवजात की अत्यंत संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ देखरेख की गई। स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार होने एवं चिकित्सकीय रूप से पूर्णतः स्वस्थ पाए जाने के उपरांत, नवजात को समिति की अभिरक्षा में लेकर उसके सर्वोत्तम हित, देखरेख एवं संरक्षण हेतु सुरक्षित शिशु गृह भेज दिया गया। इस संपूर्ण प्रक्रिया में न्यायपीठ सदस्य चंचल भंडारी, सपना भट्ट, डॉ. सुरेन्द्र सिंह भूरिया, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी रविंद्र सिंह अहोरिया एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल अवास्या का विशेष व सराहनीय योगदान रहा। Post navigation स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक कार्यक्रम में नियमित जांच, पोषण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी