आलीराजपुर। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए एक 50 वर्षीय महिला को बड़ी राहत दी है। अस्पताल के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी और जटिल सर्जरी को अंजाम देते हुए डॉक्टरों की टीम ने महिला के पेट से 9 किलो 770 ग्राम वजनी विशाल गांठ सुरक्षित बाहर निकाली है। सफल ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति सामान्य है और उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है। जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. प्रताप भानु मंडलोई ने बताया कि करीब 10 दिन पहले 50 वर्षीय फुमती पेट दर्द की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में उसके पेट के भीतर एक बड़ी गांठ होने का पता चला। मामले की गंभीरता और गांठ के बड़े आकार को देखते हुए दो दिन पहले महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया। सभी आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण पूरे करने के बाद सर्जरी का निर्णय लिया गया। डॉक्टरों की विशेष टीम ने 28 नवंबर को पूरी सावधानी के साथ महिला का ऑपरेशन किया। जटिल प्रक्रिया के बाद पेट से विशाल गांठ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद जब गांठ का वजन किया गया, तो वह 9 किलो 770 ग्राम निकला। डॉक्टरों के अनुसार, जिला अस्पताल में इससे पहले इतनी बड़ी गांठ निकालने की सर्जरी कभी नहीं हुई थी। गांठ की प्रकृति की सटीक जानकारी के लिए इसे जांच हेतु इंदौर की लैब भेजा गया है। इन डॉक्टरों की टीम ने निभाई अहम भूमिका इस जटिल ऑपरेशन को डॉ. प्रताप भानु मंडलोई के नेतृत्व में डॉ. विकास राठौड़, डॉ. दीपक राठौड़, डॉ. सावंत चौहान, डॉ. दीपक रावत, डॉ. दामिनी पटेल और डॉ. योगिता अजनार सहित अन्य चिकित्सकीय व नर्सिंग स्टाफ ने मिलकर सफल बनाया। Post navigation बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई शपथ प्रधानमंत्री मजरा-टोला सड़क योजना के तहत जिले को मिलेगी 21 सड़कों की सौगात