नवनीत त्रिवेदी @झाबुआ Desk शहर की ऑफिसर्स कॉलोनी में शुक्रवार को चोरों ने जिला कोषालय अधिकारी वैशाली सिसोदिया के आवास को निशाना बनाया। बदमाश दोपहर करीब 11 से 1 बजे के बीच घर में घुसे और नकदी सहित कुछ महत्वपूर्ण सामान चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की DVR भी निकालकर अपने साथ ले गए, ताकि चोरी से जुड़े फुटेज पुलिस के हाथ न लग सकें। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। अधिकारियों के आवासों से घिरी कॉलोनी में चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि ऑफिसर्स कॉलोनी में जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों के निवास हैं। यहां झाबुआ एसडीएम, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री (ईई), पीजी कॉलेज के प्राचार्य, डिप्टी कलेक्टर, ज्वाइंट कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के आवास हैं। इसी क्षेत्र में सांसद कार्यालय भी स्थित है। ऐसे महत्वपूर्ण और अधिकारियों की आवाजाही वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवालिया निशान खड़े कर रहा है। जब अधिकारियों के आवास ही सुरक्षित नहीं हैं, तो शहर की सामान्य कॉलोनियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। चार-पांच महीने पहले डिप्टी कलेक्टर के आवास से भी चोरी हुई थी रिवॉल्वर गौरतलब है कि करीब चार-पांच महीने पहले इसी क्षेत्र में एक डिप्टी कलेक्टर के निजी आवास से उनकी निजी रिवॉल्वर चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। इसके अलावा एटीएम सहित अन्य सामान चोरी होने की बात भी सामने आई थी। स्थानीय स्तर पर इन वारदातों के पीछे क्षेत्र में सक्रिय नशे के आदी युवकों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौजूदा चोरी और पिछली घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि सीसीटीवी DVR भी चोरी हो जाने के बाद पुलिस किस तरह सुराग जुटाकर आरोपियों तक पहुंचती है। अधिकारियों की कॉलोनी में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। Post navigation अरिहंत युवा वाहिनी के तत्वावधान में निशुल्क आयुर्वेदिक लेप सेवा शिविर आयोजित