बुरहान बंगड़वाला, खरडू बड़ी

ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने और लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज झाबुआ जिले के ग्राम खरडू बड़ी की ग्राम पंचायत पर एसडीओपी एवं थाना प्रभारी ने अपनी पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों के बीच पहुंचकर बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी और ग्रामीणों को जागरूक किया।

इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। कम उम्र में बच्चों का विवाह करना कानूनन अपराध है। बाल विवाह को रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का भी कर्तव्य है।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने और कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर उसका विरोध करने की शपथ दिलाई। साथ ही लोगों से अपील की कि अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए आगे आएं तथा बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें।

*बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई*

अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत बाल विवाह करवाने, उसमें सहयोग करने या उसे बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है।

अंत में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि बाल विवाह मुक्त समाज बनाने में प्रशासन का सहयोग करें और इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *