लोहित झामर, मेघनगर

नगर की शिक्षिका संतोष व्यास के निधन के बाद उनके परिवार ने एक अनुकरणीय निर्णय लेते हुए उनकी देहदान की पहल की। परिवार द्वारा उनका पार्थिव शरीर इंदौर के एमवाय अस्पताल को दान किया गया। इस निर्णय के साथ ही मेघनगर के इतिहास में पहली बार किसी परिवार द्वारा देहदान किए जाने का मामला सामने आया है।

परिवार के इस निर्णय को मानवता, सेवा और समाजहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। देहदान के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भावी चिकित्सकों को अध्ययन का अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में चिकित्सा जगत को लाभ मिल सकेगा।

श्रीमती संतोष व्यास की अंतिम यात्रा को विशेष सम्मान देते हुए गॉड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर, तहसीलदार, एडिशनल एसपी एवं मेघनगर थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत शिक्षिका को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिवार के इस निर्णय की सराहना की। परिवार ने दुख की इस घड़ी में देहदान जैसा निर्णय लेकर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया कि मृत्यु के बाद भी मानव शरीर दूसरों के काम आ सकता है। संतोष व्यास का यह देहदान समाज में सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को लंबे समय तक प्रेरित करता रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *