आलीराजपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आम्बुआ पुलिस ने रविवार को बड़ी सफलता हासिल की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल एवं जोबट एसडीओपी आशुतोष पटेल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप और एक क्रेटा कार से कुल 1,680 लीटर (140 पेटी) अवैध बियर जब्त की है। जब्त शराब और दोनों वाहनों की कुल कीमत 19,60,320 रुपये आंकी गई है। पहली कार्रवाई: बोलेरो पिकअप से 1,440 लीटर बियर बरामद, चालक गिरफ्तार आम्बुआ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाणारावत रोड की तरफ से एक बोलेरो पिकअप में अवैध शराब भरकर खण्डाला-कोटबु रोड की ओर ले जाई जा रही है। टीम ने ग्राम खण्डाला-अनखोदरा के पास आम रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो पिकअप (क्रमांक GJ06AU8480) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में माउण्ट 6000 बियर की 120 पेटियां (2,880 टिन केन) मिलीं, जिनमें कुल 1,440 लीटर बियर भरी थी। वाहन चालक सुनील पिता मगनसिंह बघेल भील (26), निवासी ग्राम झौरा (हाल मुकाम आम्बुआ आवास फलिया) के पास शराब परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने 3,94,560 रुपये की बियर और 5,00,000 रुपये की पिकअप सहित कुल 8,94,560 रुपये का मश्रुका जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1), 34(2) और 46 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दूसरी कार्रवाई: क्रेटा कार छोड़कर भागा चालक, 240 लीटर बियर जब्त इसी दौरान पुलिस को खट्टाली रोड की तरफ से एक क्रेटा कार में अवैध शराब लाए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने ग्राम खण्डाला तिराहा आम रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध क्रेटा कार (क्रमांक GJ20N3750) को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर झाड़ियों की आड़ लेकर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें माउण्ट 6000 बियर की 20 पेटियां (480 टिन केन) यानी कुल 240 लीटर बियर बरामद हुई। पुलिस ने 65,760 रुपये की शराब और 10,00,000 रुपये की क्रेटा कार सहित कुल 10,65,760 रुपये का मश्रुका जब्त किया है। फरार आरोपी की पहचान जितेन्द्र पिता सुभान, निवासी ग्राम मोरासा (थाना नानपुर) के रूप में हुई है, जिसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 4,60,329 रुपये कीमत की 1,680 लीटर बियर और 15 लाख रुपये कीमत के दो वाहन जब्त हुए। इस सफलता में आम्बुआ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन डावर के नेतृत्व में सउनि बाबुलाल गेहलोत, प्रआर भुरसिंह, प्रआर अमरसिंह, प्रआर श्याम, मप्रआर सावित्री, आर मनोज, आर सुनिल, आर राकेश, आर दिनेश, आर जयराम एवं आर रविन्द्र की सराहनीय भूमिका रही। नवंबर में अब तक 248 प्रकरण दर्ज पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने बताया कि जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। नवंबर माह में अब तक 23 बड़ी कार्रवाइयों सहित कुल 248 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें 57,82,394 रुपये कीमत की 16,782 बल्क लीटर अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त 71,95,000 रुपये कीमत के 12 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। Post navigation प्रश्न मंच, मेहंदी एवं पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग