लाोकेंद्र चाणोदिया, बामनिया

राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजाति विकास मंच पेटलावद, झाबुआ के बैनर तले विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर जनजातीय महापुरुषों और वीर योद्धाओं की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनके समाज, देश और धर्म के प्रति योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पेटलावद में बिरसा मुंडा चौराहे पर भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला। तय कार्यक्रम के अनुसार पेटलावद में आयोजन के बाद जनजाति विकास मंच के प्रतिनिधि बामनिया पहुंचे। यहां सामाजिक समरसता के संदेश के साथ सर्वसमाज के लोगों ने मुख्य चौराहे से पैदल यात्रा निकाली। भगवान बिरसा मुंडा के जयकारों के साथ यात्रा राणा पुंजा भील की प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

इसके बाद करनगढ़ फंटे पर जनजाति के महान योद्धा एवं रॉबिन हुड के नाम से विख्यात टंट्या भील (मामा) की प्रतिमा पर जनजाति विकास मंच के सदस्यों ने माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का अंतिम पड़ाव सारंगी रहा, जहां टंट्या भील (मामा) की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित की गई। इस प्रकार राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस पर पेटलावद, बामनिया, करनगढ़ और सारंगी में जनजातीय महापुरुषों को नमन कर उनके ऐतिहासिक योगदान और बलिदान का स्मरण किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों के साथ सर्वसमाज के लोगों ने भी सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *