जितेंद्र वाणी, नानपुर

नानपुर क्षेत्र के समीप ग्राम पंचायत फाटा में शासकीय उचित मूल्य दुकान (PDS) बंद होने से ग्रामीणों को राशन के लिए परेशान होना पड़ रहा है। खास बात यह है कि ग्राम पंचायत फाटा जनपद पंचायत आलीराजपुर के उपाध्यक्ष मेहरसिंह चौहान का क्षेत्र है, इसके बावजूद यहां करीब एक माह से राशन वितरण की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने 16 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर सोहन कनाश को ज्ञापन सौंपकर दुकान को पुनः फाटा में ही शुरू करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि शिकायतों के आधार पर हुई जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित सेल्समैन सहित उचित मूल्य दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था। हालांकि, कार्रवाई के लगभग एक माह बाद भी ग्रामीणों को नियमित राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था नहीं हो सकी है। इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

7 से 8 किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा राशन लेने

ग्रामीणों को जानकारी मिली है कि बंद दुकान को ग्राम बेगड़ी में स्थानांतरित किया जा सकता है, जो फाटा से लगभग 7 से 8 किलोमीटर दूर है। यदि दुकान वहां संचालित होती है तो गरीब परिवारों, बुजुर्गों और महिलाओं को राशन लेने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे ग्रामीणों को आर्थिक और शारीरिक परेशानी होगी।

फाटा में ही दुकान शुरू करने की मांग

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि ग्राम पंचायत फाटा में ही किसी अन्य पात्र व्यक्ति को नियमानुसार लाइसेंस जारी कर उचित मूल्य दुकान जल्द शुरू की जाए। नई दुकान शुरू होने तक ग्रामीणों को राशन उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को उनके हक के राशन से वंचित न रहना पड़े।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अलावा, ग्राम पंचायत फाटा के सरपंच प्रतिनिधि एवं जनपद पंचायत आलीराजपुर के उपाध्यक्ष मेहरसिंह चौहान, राजू चौहान, मुकाम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेकर फाटा में ही राशन वितरण व्यवस्था बहाल करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *