आलीराजपुर।  मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), सेजावाड़ा में दसवें शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की जानकारी दी।

इस दौरान विधायक सेना पटेल ने कहा कि शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याओं का निराकरण किया जाना है। बरझर में आयोजित शिविर में भी कई समस्याओं का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि नागरिक अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखें, क्योंकि समस्या बताने पर ही उसके समाधान की दिशा में कार्रवाई संभव है। पूर्व विधायक श्री माधोसिंह डावर ने कहा कि जिले में विभिन्न स्थानों पर इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन अपनी समस्याओं के निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की स्वीकृति प्रदान करते हुए लाभान्वित किया जाएगा।

कलेक्टर नीतू माथुर ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिक शासन से संबंधित विभिन्न कार्यों का निराकरण करा सकते हैं तथा पात्रतानुसार हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं उन्होंने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। विशेष रूप से आंखों की जांच के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित हैं, जो मोतियाबिंद सहित आंखों से संबंधित अन्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श देंगे। मोतियाबिंद के मरीजों को निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रघुवंशसिंह, मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी संघमित्रा गौतम , अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व दीपिका पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *