शान ठाकुर, पेटलावद

जनविश्वास अभियान अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला झाबुआ, डॉ. एम. एल. चोपड़ा द्वारा दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को उप स्वास्थ्य केंद्र रामनगर एवं रताम्बा का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. जयेश स्वर्णकार, सीएचओ, उप स्वास्थ्य केंद्र रामनगर एवं डॉ. हिमानी बडोलिया, सीएचओ, उप स्वास्थ्य केंद्र रताम्बा से स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मातृत्व स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। साथ ही, गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम. एल. चोपड़ा ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं जनहितैषी बनाने पर जोर देते हुए संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *