खरडू बड़ी। झाबुआ जिले के खरडू बड़ी के वंजिया डूंगर पर स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल में व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की कमी और छात्रावास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुनील भूरिया, गब्बू डामोर एवं छात्रों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। ज्ञापन में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के अभाव के कारण छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षा के अधिकार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का समाधान किया जाना जरूरी है। ज्ञापन में विद्यालय परिसर में पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं होने, स्कूल तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क का अभाव, शौचालयों में पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने तथा परिसर और कक्षाओं में साफ-सफाई की कमी जैसे मुद्दे उठाए गए हैं।

इसके साथ ही जीव विज्ञान की प्रयोगशाला में आवश्यक उपकरण उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों की प्रायोगिक पढ़ाई प्रभावित होने, पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने तथा विद्यालय में वार्षिक शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है। इसके अतिरिक्त विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कबड्डी मैट जैसी आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।

प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग

ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि विद्यार्थियों की इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। साथ ही विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके भविष्य और शिक्षा पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *