शासकीय उचित मूल्य दुकान से अनाज चुराने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, 5.52 लाख का मशरूका बरामद

0

फिरोज खान, आलीराजपुर

आलीराजपुर जिले के थाना चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरियापान स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से अनाज चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 30 कट्टे अनाज और घटना में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप वाहन (क्रमांक GJ05BX7192) जब्त किया है। बरामद किए गए मशरूके की कुल कीमत लगभग 5.52 लाख रुपये आंकी गई है, जिसमें 52 हजार रुपये का अनाज और 5 लाख रुपये मूल्य का वाहन शामिल है।

पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जोबट श्री आशुतोष के मार्गदर्शन में यह सफलता मिली है।

मामला 04 अगस्त 2026 का है, जब कोरियापान की शासकीय उचित मूल्य दुकान (कोड 4906040) का ताला टूटा मिलने और गेहूं-चावल के कट्टे चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस शिकायत पर थाना चंद्रशेखर आजाद नगर में अपराध क्रमांक 333/2026, धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

11 अगस्त 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम तरोले के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि कोरियापान-खुटाजा तिराहे पर एक बोलेरो पिकअप में अनाज के कट्टे भरकर तीन लोग बेचने की नीयत से खड़े हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गाड़ी में सवार तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर ड्राइवर सीट पर बैठे निलेश पिता शब्बु मेडा तथा उसके साथियों मनीष पिता धनसिंह एवं प्रकाश पिता नानजी (सभी निवासी कोरियापान) ने दुकान का ताला तोड़कर अनाज चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माल जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.