अध्यक्ष-उपाध्यक्ष खुद उतरे मैदान में, जोबट में शुरू हुआ विशेष स्वच्छता अभियान

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट 

नगर परिषद जोबट द्वारा नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत कर दी गई है। 8 जून से 10 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत नगर के विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन वार्ड क्रमांक 1 एवं 15 में जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद अमले ने स्वयं मौजूद रहकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान में नगर परिषद अध्यक्ष राहुल मोहनिया, उपाध्यक्ष अमृत राठौर, वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद सोहन डूडवे, संदीप जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संतोष राठौड़, दीपक भाटी सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं सफाईकर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नगर को स्वच्छ रखने के लिए आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की।

नगर परिषद द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभियान के दौरान सभी वार्डों में नियमित सफाई, कचरा संग्रहण एवं पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की वार्डवार ड्यूटी लगाई गई है। ट्रैक्टर, कचरा वाहन, टैंकर एवं जेसीबी मशीनों की मदद से सफाई कार्य को गति दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा।

नगर परिषद अध्यक्ष राहुल मोहनिया ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है तथा इसमें जनभागीदारी भी बेहद आवश्यक है। वहीं सीएमओ संतोष राठौड़ ने कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विशेष स्वच्छता अभियान के माध्यम से नगर परिषद का लक्ष्य न केवल सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। नगरवासियों को उम्मीद है कि इस पहल से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.