विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हुआ पौधारोपण

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर परिषद जोबट द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत खट्टाली रोड स्थित नवीन गार्डन में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम वीरेंद्र सिंह बघेल रहे। उनके साथ नगर परिषद अध्यक्ष राहुल मनिया, पार्षद फरीद शेख, संदीप जैन, सोहन जी, नितिन बघेल सहित नगर परिषद के समस्त पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी माध्यम है।

नगर परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में नगर परिषद के लेखापाल दीपक भाटी, अभियंत्री निकिता भावर सहित परिषद के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित जोबट के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.