पारंपरिक खेती में नुकसान के बाद किसान ने किया नवाचार, 6 बीघा में लगाए पिंक ताइवान अमरूद के 3000 पौधे
इरशाद खान, बरझर
बरझर के प्रगतिशील किसान सरदार खान ने पारंपरिक खेती में हो रहे नुकसान को देखते हुए खेती का तरीका बदला और अपने खेत में अमरूद का बगीचा लगाने का महत्वपूर्ण फैसला किया। मई 2025 में उन्होंने छत्तीसगढ़ के रायपुर से 3 लाख रुपये की लागत से ‘पिंक ताइवान’ प्रजाति के तीन हजार पौधे मंगवाए। इन पौधों को उन्होंने अपनी 6 बीघा जमीन पर 6-6 फीट की उचित दूरी पर रोपा।
पौधों को मवेशियों से सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने अपने निजी खर्च से खेत के चारों ओर मजबूत तार फेंसिंग और जाली लगवाई। सरदार खान स्वयं प्रतिदिन पौधों की सिंचाई करते हैं और राजोद से कृषि दवाएं लाकर उनका नियमित छिड़काव करते हैं। एक साल की कड़ी मेहनत और देखभाल के बाद अब पौधे 3 से 4 फीट तक बड़े हो गए हैं और वर्तमान में एक पौधे पर 15 से 20 फल लग रहे हैं।