वार्ड क्रमांक 8 में गंदे पानी की समस्या का तत्काल समाधान, नगर परिषद की टीम पहुंची मौके पर

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

जोबट नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 8 में पेयजल लाइन के वाल्व के पास गंदा पानी जमा होने और दूषित पानी सप्लाई होने की आशंका को लेकर आलीराजपुर लाइव में प्रकाशित खबर का असर कुछ ही घंटों में देखने को मिला। खबर सामने आने के बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया।

नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और तत्काल समस्या के निराकरण का कार्य शुरू किया। कर्मचारियों द्वारा वाल्व क्षेत्र की सफाई कर गंदे पानी की निकासी करवाई गई, साथ ही पेयजल सप्लाई व्यवस्था की भी जांच की गई ताकि वार्डवासियों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा सके।

मौके पर इंजीनियर निकिता भंवर, लेखापाल दीपक भाटी, अरविंद बघेल सहित नगर परिषद के कई कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने पूरी सतर्कता के साथ समस्या का समाधान किया और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वार्डवासियों ने समस्या के त्वरित समाधान पर संतोष जताते हुए नगर परिषद टीम का आभार व्यक्त किया। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता था। गौरतलब है कि वार्ड पार्षद श्रीमती खुशबू बबलू बघेल द्वारा मामले को गंभीरता से उठाते हुए नगर परिषद प्रशासन को तत्काल अवगत कराया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.