छकतला में बाबा साहेब की जयंती पर आम सभा का आयोजन और विकास कार्यों की समीक्षा

0

ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला

ग्राम पंचायत छकतला में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के पावन अवसर पर बाबा साहेब की तस्वीर पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में सबसे पहले उपस्थित मातृशक्ति ने बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित की, जिसके बाद सरपंच सुरेश ठकराला और पंचायत के समस्त कर्मचारियों ने बारी-बारी से माल्यार्पण कर बाबा साहेब के आदर्शों को याद किया। इस अवसर पर आयोजित आम सभा में शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को साझा की गई।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया को समझाते हुए बताया गया कि आवेदक लड़का और लड़की दोनों की केवाईसी पूर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही यह निर्देश भी दिए गए कि दोनों परिवारों की समग्र आईडी अलग-अलग होनी चाहिए और दस्तावेजों के साथ मोबाइल नंबर जोड़ना आवश्यक है। पंचायत की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए सरपंच ने बताया कि इस वर्ष 245 नए आवास के नाम जोड़े गए हैं और मनरेगा जॉब कार्ड से संबंधित 67 प्रतिशत से अधिक केवाईसी का कार्य सफलतापूर्ण पूरा कर लिया गया है।

कस्बे की व्यवस्थाओं को लेकर सरपंच सुरेश ठकराला ने यातायात जाम की गंभीर समस्या पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले दो दिनों में वे स्वयं कर्मचारियों के साथ बाजार का दौरा करेंगे और दुकानदारों को समझाइश देकर पूरे बाजार में एक सीमा रेखा निर्धारित की जाएगी। सभी दुकानदारों को अपनी दुकान का संचालन इसी लाइन के भीतर रहकर करना होगा ताकि सड़क पर सुचारू आवागमन बना रहे। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर कस्बे की साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति को निरंतर बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सरपंच सुरेश ठकराला के साथ उपसरपंच अंबी बामनिया, पेसा एक्ट अध्यक्ष ज्ञानजी भाई, रूजन पटेल, पंच मंगलसिंह भयडिया, सचिव लक्ष्मणसिंह सस्तियां, रोजगार सहायक महेश बन्दोंड सहित नरेन्द्र कलेश, राकेश चौधरी, जसु, महेश, अजय, ईश्वर और बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत कर्मचारी एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.