खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर सड़क हादसों का कहर, एक हफ्ते में तीसरी बड़ी दुर्घटना

0

जितेंद्र वाणी, नानपुर 

आलीराजपुर जिले के नानपुर क्षेत्र में खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला ग्राम फाटा का है, जहाँ शुक्रवार रात को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के कंटेनर में घुस जाने से चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही सप्ताह के भीतर इस मार्ग पर यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्राम फाटा के ग्रामीणों के अनुसार, हल्दी गांव के रहने वाले चार युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर नानपुर से हल्दी की ओर जा रहे थे। मोटरसाइकिल की रफ्तार अत्यधिक तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे सड़क पर खड़े कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक घंटों तक लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े रहे। काफी देर बाद 108 एम्बुलेंस पहुंची जिसकी मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानपुर लाया गया। यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया है। ग्रामीणों ने इन हादसों के पीछे का मुख्य कारण मार्ग पर जगह-जगह संचालित हो रही अवैध शराब की दुकानों को बताया है।

एक सप्ताह में तीन बड़े हादसे

खंडवा-बड़ौदा मार्ग अब ‘खूनी मार्ग’ बनता जा रहा है। पिछले सात दिनों में यहाँ तीन बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं:

पहली घटना: उम्दा के चार युवक तेज रफ्तार के कारण कंटेनर की चपेट में आ गए थे।

दूसरी घटना: टोल टैक्स के पास अर्टिगा कार की दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई थी।

तीसरी घटना: ग्राम फाटा में मोटरसाइकिल सवार चार युवकों का गंभीर रूप से घायल होना।

फिलहाल, नानपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इन अवैध दुकानों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.