आलीराजपुर। चंद्र शेखर आजाद नगर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने हेलिपैड, आजाद कुटिया एवं सभा स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर माथुर सर्वप्रथम चंद्र शेखर आजाद नगर पहुंचीं, जहां उन्होंने हेलिपैड का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके पश्चात उन्होंने शहीद क्रांतिकारी चंद्र शेखर आजाद के जन्म स्थल आजाद कुटिया पहुंच कर उनकी प्रतिमा को नमन किया और परिसर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए।
