जितेंद्र वर्मा, जोबट
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय खारी में वार्षिक खेलकूद उत्सव का आयोजन बड़े उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में जोबट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सेना महेश पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय परिसर दिनभर खेल, उमंग और उल्लास से सराबोर नजर आया।
खेलकूद उत्सव के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। विशेष रूप से आयोजित खो-खो प्रतियोगिता के दौरान विधायक सेना महेश पटेल स्वयं खेल मैदान पर पहुंचीं और टीम में शामिल बालिकाओं से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक की मौजूदगी से बच्चियों का आत्मविश्वास और मनोबल उल्लेखनीय रूप से बढ़ा। इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां और बेटे दोनों समान रूप से आगे बढ़ रहे हैं और खेल के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
