जितेंद्र वाणी, नानपुर दीपावली के पावन अवसर पर बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर, कापसी फाटा, कुक्षी में आयोजित होने वाले भव्य अन्नकूट महोत्सव–2026 को लेकर हरिभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अन्नकूट महोत्सव का आमंत्रण देने के लिए कार्यकर्ता घर-घर पहुँच रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ आमंत्रण स्वीकार कर भगवान को थाल-भोग अर्पित करने की सेवा में सहभागी बन रहे हैं। नानपुर में भी भक्तों को आमंत्रण दिया जा रहा है। इस वर्ष अन्नकूट महोत्सव की विशेषता यह रहेगी कि हजारों घरों से भगवान को थाल अर्पित किए जाएंगे तथा हजारों से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भव्य अन्नकूट भगवान को समर्पित किया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी अवसर बनेगा। 18 नवंबर, बुधवार को सुबह 8:30 बजे से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में प्रसिद्ध कथावाचक पूज्य डॉ. विवेकनिष्ठ स्वामीजी का दीपावली एवं अन्नकूट महोत्सव की आध्यात्मिक महिमा पर विशेष उद्बोधन होगा। निमाड़ क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने अप्रैल माह में आयोजित कथा के दौरान उनके प्रेरणादायी विचारों की सराहना की थी। अब दीपावली के पावन अवसर पर पुनः पूज्य डॉ.विवेकनिष्ठ समाजी का लाभ प्राप्त होगा। महोत्सव में अनेक संतों के दर्शन एवं आशीर्वाद का लाभ भी श्रद्धालुओं को मिलेगा। भजन-कीर्तन के साथ थाल गान होगा ।भगवान को विविध व्यंजनों का थाल अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात सभी हरिभक्त सामूहिक रूप से अन्नकूट की महाआरती करेंगे। आयोजन में पधारने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी एवं भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। अन्नकूट महोत्सव केवल विविध व्यंजनों को भगवान के समक्ष अर्पित करने का उत्सव नहीं, बल्कि भगवान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, सेवा-भाव बढ़ाने तथा समाज में भक्ति और सद्भावना को मजबूत करने का पावन अवसर है। घर-घर जाकर आमंत्रण देने की सेवा के माध्यम से हरिभक्त इस उत्सव का संदेश जन-जन तक पहुँचा रहे हैं। बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर, कापसी फाटा, कुक्षी की ओर से निमाड़ क्षेत्र के समस्त ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने परिवार सहित इस भव्य अन्नकूट महोत्सव में पधारकर भगवान के दर्शन, संतों के आशीर्वाद, महाआरती एवं भोजन प्रसादी का लाभ प्राप्त करें। साथ ही अपने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गाँवों में भी इस उत्सव का आमंत्रण पहुँचाकर अधिक से अधिक लोगों को सहभागी बनाएँ। Post navigation दो बाइक की टक्कर, तीन ग्रामीण गंभीर घायल; सूचना के बाद भी नहीं पहुंची 108