जितेंद्र वर्मा, जोबट

जोबट विधानसभा क्षेत्र की खंडाला पंचायत में बुधवार को विकास और जनसेवा का बड़ा संदेश देखने को मिला, जब विधायक सेना महेश पटेल ने विधायक निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित नवीन विद्युत डीपी (ट्रांसफार्मर) का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विधायक का भव्य स्वागत कर क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली समस्या के समाधान पर खुशी जताई।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास को निभाने के लिए वे लगातार क्षेत्र में विकास कार्य करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “आपने हैंडपंप मांगा, हमने दिया। बिजली की मांग की, तो डीपी लगवाई। पानी की समस्या बताई, तो टैंकर की व्यवस्था की। जनता की हर जायज मांग को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है और आगे भी जो कहेंगे, वह चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।”

“कांग्रेस काम करती है, भाजपा सिर्फ प्रचार करती है”

अपने संबोधन में विधायक ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति सेवा, विकास और जनता के विश्वास पर आधारित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्वर्गीय इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विचारधारा वाली पार्टी है, जिसने देश के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार जनता को केवल वादों और विज्ञापनों के सहारे भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर किसान, युवा, मजदूर और आम नागरिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ रही है, महंगाई चरम पर है और युवाओं का भविष्य लगातार संकट में पड़ता जा रहा है।

ओमप्रकाश राठौर ने कहा— विकास और जनसेवा की मिसाल हैं सेना महेश पटेल

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि विधायक सेना महेश पटेल लगातार क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खंडाला पंचायत में विद्युत डीपी का लोकार्पण केवल एक विकास कार्य नहीं, बल्कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने का प्रमाण है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गांव, गरीब, किसान और आम जनता की आवाज रही है और सेना महेश पटेल उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ग के हित में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

“जनता की समस्याओं का समाधान ही हमारी राजनीति”

विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि जब भी क्षेत्र की जनता ने कोई समस्या बताई, उसे प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास किया गया। विकास कार्यों के लिए वे लगातार संघर्ष कर रहे हैं और आगे भी जनता की आवाज बनकर काम करते रहेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, जनपद सदस्य सवल सिंह, सविन पटेल, सोनू वर्मा, मनीष चौहान, शोएब खान, नादम भाई, प्रताप भाई मसनी, शंकर भाई सरदार, हिरे निंगवाल, प्रताप देवड़ा, माधु चौहान, सुकालिया चौहान, राकेश देवड़ा, दीवानसिंह देवड़ा, रमेश चौहान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने नवीन विद्युत डीपी के लोकार्पण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक सेना महेश पटेल का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों और जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर विधायक की सक्रियता की भी सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *