आलीराजपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बड़नगर से वाराणसी के लिए निकली यात्रा का आलीराजपुर जिले में प्रवेश होगा। यात्रा के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, यातायात जागरूकता एवं हितग्राही संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यात्रा का सेजावाड़ा में रात्रि विश्राम होगा। इसके पश्चात 21 सितंबर 2026 को यह यात्रा चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचेगी, जहां आजाद कुटिया में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद आजाद पार्क में आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता की जाएगी। यात्रा आगे कानाकाकड़ स्थित विद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होगी तथा उदयगढ़ में आयोजित हितग्राही संवाद कार्यक्रम में सहभागिता करेगी। इसके बाद यात्रा बोर होते हुए धार जिले के लिए प्रस्थान करेगी।

इसी क्रम में द्वितीय दल यात्रा का सोंडवा के ग्राम बख्तगढ़ में रात्रि विश्राम होगा। 21 सितंबर को यात्रा सांदीपनि विद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होगी। इसके पश्चात लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। यात्रा अलीराजपुर पहुंचकर बस स्टैंड पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता करेगी। इसके बाद लक्ष्मणी स्थित मंदिर में दर्शन कर नानपुर होते हुए धार जिले के लिए रवाना होगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *