आलीराजपुर। ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंच और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम कानाकाकड़ में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से ‘न्यायोत्सव : विधिक सेवा सप्ताह’ के तहत आयोजित शिविर में ग्रामीणों को संपत्ति में अधिकार, साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जय पाटीदार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला विधिक सहायता अधिकारी शक्ति रावत और चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजेश राठौर ने ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। सचिव जय पाटीदार ने संपत्ति में अधिकारों के संबंध में बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को पैतृक और स्वयं अर्जित संपत्ति में कानून के अनुसार अधिकार प्राप्त हैं। महिलाओं और बेटियों के संपत्ति में समान अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्होंने संपत्ति के बंटवारे और उत्तराधिकार से जुड़े कानूनी प्रावधान भी समझाए। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जय पाटीदार ने साइबर सुरक्षा पर जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से सतर्क रहना जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं दें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। जिला विधिक सहायता अधिकारी शक्ति रावत ने घरेलू हिंसा से महिलाओं को मिलने वाले कानूनी संरक्षण के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शारीरिक, मानसिक, मौखिक, भावनात्मक और आर्थिक प्रताड़ना से संरक्षण पाने का कानूनी अधिकार है। पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कानूनी सहायता, संरक्षण और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजेश राठौर ने निःशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता, कानूनी सलाह और न्यायालयीन कार्यवाही में सहायता उपलब्ध कराई जाती है। आपराधिक मामलों में पात्र व्यक्तियों को लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के माध्यम से बचाव पक्ष का अधिवक्ता भी उपलब्ध कराया जाता है। शिविर में आधार अपडेट, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और मतदाता पहचान पत्र से संबंधित जानकारी भी दी गई। इस दौरान ग्राम पंचायत सरपंच प्रवीण कुमार रावत, ग्राम सचिव, पैरालीगल वॉलेंटियर्स, ग्रामीणजन, महिलाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। Post navigation भीलखेड़ी में शिव मंदिर को लेकर विवाद, धार्मिक टिप्पणी के आरोप में केस दर्ज